छत्तीसगढ़

रायगढ़: तलवार लेकर पड़ोसी के घर में घुसा युवक! बोलेरो-बाइक पर बरसाए वार, जान बचाकर भागा परिवार

गांव में मची दहशत, गाली देते हुए दौड़ाया… पुलिस ने हथियार समेत आरोपी को दबोचा

रायगढ़। रायगढ़ जिले के पुसौर क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक हाथ में तलवार लेकर पड़ोसी के घर में घुस गया और खड़ी गाड़ियों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के दौरान आरोपी ने घर मालिक को जान से मारने के लिए दौड़ा लिया, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई।

मामला ग्राम सोडेकेला का है। जानकारी के मुताबिक गांव निवासी संतोष पटेल ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई कि 16 मई की दोपहर करीब 3 बजे गांव का मृत्युंजय बिशी लोहे की धारदार तलवार लेकर उसके घर में घुस आया।

आरोपी ने घर परिसर में खड़ी बोलेरो वाहन और एचएफ डीलक्स बाइक पर तलवार से हमला शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों वाहनों के शीशे और बॉडी क्षतिग्रस्त हो गए।

जब संतोष पटेल ने विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए तलवार लेकर उसकी तरफ दौड़ा। जान बचाने के लिए संतोष को वहां से भागना पड़ा। इस हमले में करीब 25 हजार रुपये का नुकसान बताया गया है।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुसौर पुलिस हरकत में आई और टीआई हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी मृत्युंजय बिशी को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे की धारदार तलवार भी बरामद कर ली है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button