छत्तीसगढ़

सुशासन तिहार में खूनी बवाल! मंच के सामने सरपंच पर चाकू से हमला, शिविर में मची चीख-पुकार

भाषण के बीच अचानक निकला चाकू… ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा आरोपी, सरकारी कार्यक्रम में सुरक्षा पर उठे सवाल

डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ ब्लॉक में चल रहे सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मंचीय कार्यक्रम के बीच सरपंच पर अचानक चाकू से हमला कर दिया गया। घटना के बाद पूरे शिविर में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसे हालात बन गए।

जानकारी के मुताबिक ग्राम पलांदूर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में भाषण का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव के ही निवासी जितेंद्र यादव (36 वर्ष) ने अचानक सरपंच मानिकलाल वर्मा पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में सरपंच के हाथ में चोट आई है। घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ पल के लिए दहशत में आ गए। मंच के सामने चीख-पुकार मच गई और कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

हालांकि ग्रामीणों और मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब प्रदेशभर में सुशासन तिहार 2026 के तहत सरकार गांव-गांव समाधान शिविर लगाकर जनता की समस्याएं सुनने और मौके पर निराकरण का दावा कर रही है। लेकिन सरकारी कार्यक्रम में हुई इस चाकूबाजी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि डोंगरगढ़ क्षेत्र में सुशासन तिहार के दौरान विवाद की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी पट्टे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अधिकारियों को घंटों बंधक बना लिया था, जिसके बाद पुलिस बल प्रयोग तक की नौबत आ गई थी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वहीं घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button