छत्तीसगढ़

चीफ इंजीनियर के कमरे के बगल में नोटों का खेल! रायपुर में CSPDCL अफसर का VIDEO वायरल, विभाग में मचा हड़कंप

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी यानी Chhattisgarh State Power Distribution Company Limited के रायपुर स्थित प्रोजेक्ट ऑफिस से सामने आए एक वीडियो ने विभाग में सनसनी फैला दी है। गुढ़ियारी स्थित मुख्य अभियंता प्रोजेक्ट ऑफिस में पदस्थ कार्यपालन अभियंता Murli Maurya का कथित रिश्वत लेते वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे विभाग में चर्चाओं और आरोपों का दौर तेज हो गया है।

दावा किया जा रहा है कि वीडियो में बिलासपुर की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी का ठेकेदार अधिकारी को पैसे देते दिखाई दे रहा है। आरोप है कि यह रकम काम और बिल पास कराने के एवज में ली जा रही थी। वीडियो में कथित तौर पर कुछ रकम ऑफिस में मौजूद दो प्लेसमेंट कर्मचारियों और बाद में एक अन्य अधिकारी तक पहुंचती भी दिखाई दे रही है।

सबसे हैरान करने वाली बात यह बताई जा रही है कि नोटों का यह लेनदेन किसी सुनसान जगह पर नहीं, बल्कि अधिकारी के उसी केबिन में हो रहा था, जो चीफ इंजीनियर के कमरे से लगा हुआ है। वायरल वीडियो में अधिकारी खुलेआम नोट गिनते नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद विभागीय कार्यप्रणाली और वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

सूत्रों के मुताबिक वीडियो सामने आने के बाद मीडिया ने मुरली मौर्या से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ बताया जा रहा है। वहीं अब तक उनके खिलाफ किसी तरह की आधिकारिक कार्रवाई नहीं होने से भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

विभागीय सूत्रों और ठेकेदारों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि मौर्या कथित तौर पर सप्लायरों और ठेकेदारों से “फंड” के नाम पर रकम मांगते थे। वायरल वीडियो के बाद CSPDCL के भीतर पुराने मामलों और टेंडर विवादों की भी चर्चा फिर तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले एक सबस्टेशन टेंडर मामले में अनियमितता के आरोपों के बाद उनका तबादला पखांजूर किया गया था, लेकिन वे अब तक रायपुर से कार्यमुक्त नहीं हुए। अब वायरल वीडियो ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।

फिलहाल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया और विभागीय हलकों में यह मामला चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि बिजली कंपनी और शासन इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।

Related Articles

Back to top button