भिलाई: BSP में करोड़ों का खेल! फ्लाई ऐश के नीचे छिपाकर बाहर निकाला जा रहा था लोहा, 250 टन चोरी से मचा हड़कंप
CCTV और CISF सुरक्षा के बीच कैसे गायब हो गया करोड़ों का लोहा? पुलिस को अंदरूनी मिलीभगत का शक

भिलाई। देश के सबसे बड़े स्टील प्लांट्स में शामिल भिलाई स्टील प्लांट में करोड़ों की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्लांट से करीब 250 टन लोहा चोरी कर बाहर सप्लाई किए जाने का खुलासा होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। चोरी किए गए लोहे की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा खेल CISF की सुरक्षा और सैकड़ों CCTV कैमरों की निगरानी के बीच चलता रहा, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी।
मामला दुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने हथखोज और अकलोरडीह इलाके के एक गोदाम में छापा मारकर भारी मात्रा में चोरी का लोहा जब्त किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्लांट से लोहे को फ्लाई ऐश के नीचे छिपाकर ट्रकों के जरिए बाहर निकाला जा रहा था।
पुलिस को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि BSP से लोहे की प्लेटें और स्क्रैप चोरी कर अवैध तरीके से बाहर बेचा जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध वाहनों पर नजर रखना शुरू किया। 27 मई को पुलिस टीम ने कुछ ट्रकों का पीछा किया, जो सीधे हथखोज स्थित एक गोदाम तक पहुंचे। जैसे ही ट्रक गोदाम के अंदर दाखिल हुए, पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दी।
छावनी CSP प्रशांत कुमार पैकरा और भिलाई-3 थाना पुलिस की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से जब्त लोहे के दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पूरे गोदाम और यार्ड की तलाशी ली गई, जहां भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद हुआ।
अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में लोहा आखिर प्लांट से बाहर कैसे निकलता रहा? BSP जैसे हाई सिक्योरिटी जोन में CISF के जवान तैनात रहते हैं और हर गतिविधि पर CCTV कैमरों से नजर रखी जाती है। ऐसे में पुलिस को अंदरूनी मिलीभगत की आशंका है।
सूत्रों की मानें तो यह कोई छोटा-मोटा खेल नहीं बल्कि लंबे समय से चल रहा संगठित नेटवर्क हो सकता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे रैकेट में प्लांट के अंदर और बाहर किन-किन लोगों की भूमिका रही।
फिलहाल पुलिस ने जब्त माल को कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है। मामले में जल्द बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

