बिलासपुर: फैमिली कोर्ट के बाहर पति ने चिल्लाकर कहा ‘तलाक-तलाक-तलाक’… फिर दी जान से मारने की धमकी और हो गया फरार
सुनवाई के बीच सड़क पर हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा, दहेज केस से बौखलाए पति पर FIR दर्ज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में फैमिली कोर्ट परिसर के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक पति ने सरेआम अपनी पत्नी को तीन बार ‘तलाक’ बोलकर रिश्ता खत्म करने का ऐलान कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उसने पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता सीधे थाने पहुंची, जहां पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित मुस्लिम महिला की शादी करीब दो साल पहले बिलासपुर के ही एक युवक से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल में विवाद शुरू हो गया। महिला का आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष लगातार प्रताड़ित करते थे, जिससे परेशान होकर वह मायके लौट आई थी।
इसके बाद पीड़िता ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया। वहीं अपने भरण-पोषण के लिए उसने फैमिली कोर्ट में भी केस दायर किया था। इसी मामले की सुनवाई के लिए महिला अपने परिजनों के साथ कुटुंब न्यायालय पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि सुनवाई के दौरान महिला किसी जरूरी दस्तावेज की फोटोकॉपी कराने के लिए कोर्ट परिसर से बाहर सड़क पर गई थी। तभी आरोपी पति ने रास्ते में उसे रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी अचानक गुस्से में भड़क उठा और पत्नी पर उसकी जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगा।
इसके बाद आरोपी ने सरेआम तीन बार ‘तलाक, तलाक, तलाक’ बोल दिया। महिला के विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी और वहां से भाग निकला। कोर्ट परिसर के बाहर हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुस्लिम महिला अधिनियम, तीन तलाक कानून और धमकी देने की धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।



