छत्तीसगढ़ की लोकगाथा की आवाज ICU में! पंडवानी की महान कलाकार तीजन बाई की तबीयत बिगड़ी, एम्स में भर्ती
अचानक स्वास्थ्य खराब होने के बाद रायपुर एम्स के मेडिकल ICU में कराया गया भर्ती, कला जगत में बढ़ी चिंता

रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाने वाली मशहूर पंडवानी कलाकार तीजन बाई की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत की खबर सामने आते ही कला जगत और उनके चाहने वालों के बीच चिंता की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य खराब होने पर तीजन बाई को तत्काल एम्स रायपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें सीधे मेडिकल ICU में भर्ती कर लिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें निगरानी में रखा गया है।
तीजन बाई सिर्फ एक लोक कलाकार नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान मानी जाती हैं। उन्होंने अपनी दमदार आवाज और अनोखी प्रस्तुति शैली से पंडवानी कला को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया। देश-विदेश में उन्होंने अपनी कला का ऐसा जादू बिखेरा कि पंडवानी को नई पहचान मिल गई।
पद्म विभूषण सहित कई बड़े सम्मानों से सम्मानित तीजन बाई की तबीयत बिगड़ने की खबर फैलते ही उनके प्रशंसकों, कलाकारों और सामाजिक संगठनों ने जल्द स्वस्थ होने की कामना शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जता रहे हैं।
एम्स प्रबंधन की ओर से फिलहाल उनकी बीमारी को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन डॉक्टरों की टीम हर पल उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है। अब पूरे छत्तीसगढ़ की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि लोककला की यह महान आवाज जल्द स्वस्थ होकर फिर लोगों के बीच लौटे।

