फार्म हाउस पर आधी रात धावा! हथियारबंद नकाबपोशों ने 7 लाख का माल समेटा, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
पहले तोड़े ताले, फिर अलमारी का लॉकर उखाड़ा, पहचान छिपाने के लिए कैमरे भी किए क्षतिग्रस्त

बिलासपुर। बिलासपुर में एक फार्म हाउस को निशाना बनाकर हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने इलाके में दहशत फैला दी है। देर रात फार्म हाउस में घुसे बदमाश लाखों रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया, लेकिन उनकी पूरी करतूत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
यह मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम लिमतरी स्थित एक फार्म हाउस का है। जानकारी के अनुसार, इवेंट ऑर्गेनाइजर संगीता जैन का यहां जैन ऑर्गेनिक फार्म हाउस है, जहां वे नियमित रूप से देखरेख के लिए आती-जाती थीं। घटना के समय फार्म हाउस बंद था और इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि 1 जून की रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच अज्ञात नकाबपोश बदमाश फार्म हाउस में दाखिल हुए। सबसे पहले उन्होंने मुख्य गेट का ताला तोड़ा और फिर अंदर पहुंचकर कमरे में रखी अलमारी को क्षतिग्रस्त कर उसका लॉकर तोड़ दिया।
अलमारी में करीब 1.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर, चांदी की मूर्तियां, सिक्के और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। बदमाश सारा सामान समेटकर मौके से फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ने की कोशिश की, ताकि उनकी पहचान न हो सके। लेकिन बदमाशों की यह चाल पूरी तरह सफल नहीं हो पाई। पूरी घटना डीवीआर में रिकॉर्ड हो गई और अब चोरी का फुटेज सामने आया है, जिसमें नकाबपोश बदमाश फार्म हाउस में घुसकर वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि बदमाशों को फार्म हाउस और वहां रखे कीमती सामान की पहले से जानकारी थी।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच तेज कर दी गई है। वारदात का वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों में भी दहशत का माहौल है।