छत्तीसगढ़

8 साल का इंतजार खत्म! कवर्धा में शुरू हुआ हाईटेक बस स्टैंड, बदलेगा शहर का ट्रैफिक और विकास का पूरा नक्शा

10 करोड़ की लागत से बने आधुनिक बस स्टैंड का डिप्टी CM विजय शर्मा ने किया शुभारंभ, यात्रियों की सुरक्षा से लेकर छात्रों की सुविधा तक विशेष व्यवस्था

रायपुर। कवर्धा शहर के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। करीब आठ वर्षों के लंबे इंतजार के बाद शहर को उसका बहुप्रतीक्षित हाईटेक बस स्टैंड मिल गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नए बस स्टैंड से बस संचालन का शुभारंभ किया और इसे कवर्धा के विकास का नया अध्याय बताया।

हाईटेक बस स्टैंड के शुरू होने के साथ ही शहर की परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद जताई जा रही है। लंबे समय से निर्माण पूरा होने के बावजूद विभिन्न कारणों से इसका संचालन शुरू नहीं हो पा रहा था, लेकिन अब यात्रियों, बस संचालकों और स्थानीय नागरिकों का इंतजार खत्म हो गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह केवल एक बस स्टैंड का उद्घाटन नहीं, बल्कि कवर्धा शहर के विस्तार और भविष्य की दिशा तय करने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और विकास की साझा सोच ने इस परियोजना को साकार किया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह की सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी दूरदर्शी योजना का परिणाम आज शहरवासियों को मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि बस स्टैंड तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए घोटिया रोड का निर्माण और चौड़ीकरण कराया गया है। शहरवासियों के सहयोग से तैयार यह सड़क अब नए बस स्टैंड को शहर से बेहतर तरीके से जोड़ रही है। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि पुराने बस स्टैंड के खाली होने के बाद उस स्थान का उपयोग महिलाओं की सुविधाओं और अन्य जनोपयोगी कार्यों के लिए किया जाएगा।

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने इस आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड का संचालन शुरू होने से जिले के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि पहले घोटिया-जुनवानी मार्ग संकरा होने के कारण बस स्टैंड का उपयोग नहीं हो पा रहा था, लेकिन सड़क चौड़ीकरण और अवैध कब्जे हटाने के बाद रास्ता सुगम हो गया।

नई व्यवस्था के तहत अब पुराने बस स्टैंड से संचालित होने वाली सभी बसें हाईटेक बस स्टैंड से संचालित होंगी। इसके लिए यातायात विभाग, परिवहन विभाग, नगर पालिका, बस ऑपरेटरों और ऑटो चालकों के साथ समन्वय बनाकर रूट निर्धारित किए गए हैं।

छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था भी की गई है। निर्णय लिया गया है कि स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को सुबह 9 बजे तक पुराने बस स्टैंड के पास उतारा जाएगा। वहीं ऑटो चालकों ने पहचान पत्र दिखाने वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता देने और न्यूनतम किराये पर सेवा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

रात्रिकालीन यात्रियों की सुविधा के लिए भी व्यवस्था बनाई गई है। रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव से रात 8 बजे के बाद आने वाली बसों के यात्रियों को पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में उतारा जाएगा, ताकि उन्हें शहर में आवागमन में परेशानी न हो।

यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हाईटेक बस स्टैंड परिसर में पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। यहां 24 घंटे पुलिस जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है, पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई गई है तथा ऑटो स्टैंड और पार्किंग क्षेत्र भी चिन्हित किए गए हैं।

कवर्धा में शुरू हुआ यह हाईटेक बस स्टैंड केवल परिवहन सुविधा का केंद्र नहीं होगा, बल्कि आने वाले वर्षों में शहर के विस्तार, व्यापारिक गतिविधियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देने वाला महत्वपूर्ण आधार साबित हो सकता है। वर्षों से जिस परियोजना का इंतजार किया जा रहा था, उसका संचालन शुरू होने के साथ ही शहरवासियों में उत्साह का माहौल है।

Related Articles

Back to top button