छत्तीसगढ़

मिक्सर प्लांट पर पड़ा छापा! रेत के पहाड़ का नहीं मिला हिसाब, खनिज विभाग ने थमाया नोटिस

रेलवे स्टेशन के पास कार्रवाई से मचा हड़कंप, वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका संचालक; अवैध भंडारण पर प्रशासन सख्त

एमसीबी। जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की टीम ने नागपुर रेलवे स्टेशन के समीप संचालित एक मिक्सिंग प्लांट पर छापामार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में रेत के संदिग्ध भंडारण का मामला पकड़ा है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्लांट परिसर में बड़ी मात्रा में रेत का भंडारण पाया। टीम ने तत्काल प्लांट संचालक से रेत के भंडारण और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज, रॉयल्टी रसीद और ट्रांजिट पास प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह मौके पर आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं करा सका।

खनिज विभाग का कहना है कि बिना वैध दस्तावेजों के खनिज का भंडारण करना खनिज नियमों का सीधा उल्लंघन है। प्रारंभिक जांच में दस्तावेजों की अनुपलब्धता को गंभीर मानते हुए विभाग ने संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रशासन ने दो टूक कहा है कि खनिज संसाधनों की अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों और संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं इस कार्रवाई को जिले में चल रहे अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ बड़े अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button