NDA की बैठक में क्या होने वाला है बड़ा फैसला? PM मोदी ने बुलाए सभी CM-डिप्टी CM, दिल्ली में तेज हुईं अटकलें
12 साल पूरे होने पर आज अहम मंथन, विकास एजेंडे के साथ कैबिनेट फेरबदल और संगठन में बदलाव की चर्चाएं भी गरमाईं

दिल्ली। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनडीए शासित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों तथा उपमुख्यमंत्रियों के साथ अहम चर्चा करेंगे। हालांकि बैठक से पहले ही राजनीतिक गलियारों में कैबिनेट विस्तार, मंत्रिमंडल फेरबदल और भाजपा संगठन में संभावित बदलावों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बैठक में ‘विकसित भारत’ विजन, केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं की प्रगति और राज्यों के साथ बेहतर समन्वय जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके अलावा देश और दुनिया के मौजूदा आर्थिक हालात पर भी मंथन किए जाने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक पश्चिम एशिया में जारी तनाव का भारत की अर्थव्यवस्था, तेल आपूर्ति और सप्लाई चेन पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर भी बैठक में चर्चा हो सकती है। बढ़ती महंगाई, ईंधन और रसोई गैस की कीमतों को लेकर केंद्र और राज्यों के बीच साझा रणनीति बनाने पर भी विचार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
बैठक के दौरान केंद्र और राज्यों के साझा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की समीक्षा भी की जाएगी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें विभिन्न राज्यों के विकास कार्यों और योजनाओं पर चर्चा होगी।
इधर राजनीतिक हलकों में सबसे ज्यादा चर्चा संभावित कैबिनेट फेरबदल को लेकर हो रही है। जून 2024 में लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता संभालने के बाद मोदी सरकार में अब तक कोई बड़ा मंत्रिमंडलीय बदलाव नहीं हुआ है। लेकिन हाल ही में केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कुरियन को राज्यसभा पुनर्नामांकन सूची में जगह नहीं मिलने के बाद अटकलों को और बल मिला है।
मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि कुछ केंद्रीय मंत्रियों को बैठक समाप्त होने के बाद भी दिल्ली में रुकने के निर्देश दिए गए हैं। इसी वजह से माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल और भाजपा संगठन दोनों में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
हालांकि सरकार या भाजपा की ओर से अभी तक किसी संभावित फेरबदल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन आज की बैठक पर पूरे देश की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि बैठक के बाद कई महत्वपूर्ण संकेत सामने आ सकते हैं, जो आगामी राजनीतिक रणनीति की दिशा तय करेंगे।

