छत्तीसगढ़

नगर निकायों में बड़ा प्रशासनिक भूचाल! 15 CMO के तबादले, सस्पेंड अफसर की हुई वापसी, विभाग में मची हलचल

तबादला सूची जारी होते ही चर्चाओं का बाजार गर्म, जांच जारी रहने के बावजूद फिर मिली जिम्मेदारी

रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के नगर निकायों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (CMO) के तबादले का आदेश जारी कर दिया है। इस आदेश के बाद नगरीय निकायों में हलचल तेज हो गई है। सबसे ज्यादा चर्चा उस अधिकारी की हो रही है, जिसे निलंबन से बहाल कर एक बार फिर सीएमओ की जिम्मेदारी सौंप दी गई है, जबकि उसके खिलाफ विभागीय जांच अभी भी जारी है।

जारी आदेश के अनुसार राज्य शासन ने एक मुख्य नगर पालिका अधिकारी और एक सहायक राजस्व अधिकारी को निलंबन से बहाल करते हुए नई पदस्थापना दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बहाली के बावजूद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ चल रही विभागीय जांच जारी रहेगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आदेश में उल्लेख किया गया है कि किरण पटेल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी “ग” वर्ग को निलंबन से बहाल करते हुए प्रशासनिक दृष्टि से अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक नगर पंचायत बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनके विरुद्ध चल रही विभागीय जांच प्रभावित नहीं होगी। जांच पूरी होने के बाद उसके गुण-दोष के आधार पर निलंबन अवधि का पृथक से निराकरण किया जाएगा।

इधर 15 सीएमओ के तबादले और निलंबित अधिकारी की बहाली के फैसले के बाद नगरीय प्रशासन विभाग में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। प्रशासनिक गलियारों में इस आदेश को बड़े स्तर के पुनर्गठन के रूप में देखा जा रहा है। वहीं अब सभी की नजर विभागीय जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जो यह तय करेगी कि बहाल किए गए अधिकारियों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होती है।

Related Articles

Back to top button