छत्तीसगढ़

आज बरसेंगे बादल या फिर बढ़ेगी उमस? छत्तीसगढ़ के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट, इन जिलों में बारिश के आसार

मानसून की एंट्री के बाद बदला मौसम का मिजाज, अगले 5 दिनों तक बारिश और आंधी की संभावना, कई जिलों में अलर्ट जैसे हालात

रायपुर। भीषण गर्मी और उमस से परेशान छत्तीसगढ़वासियों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर सामने आई है। कई दिनों से प्रदेश की दहलीज पर रुका मानसून 22 जून को छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर गया, जिसके बाद मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। वहीं अगले दो दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में तापमान सामान्य से लगभग 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। इसके बावजूद बादल, बारिश और आंधी का दौर लोगों को राहत पहुंचा सकता है।

सोमवार को दंतेवाड़ा, बीजापुर, रायपुर सहित कई इलाकों में बारिश हुई। इसके प्रभाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार सुबह राजधानी रायपुर में मौसम सुहावना बना हुआ है और आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

प्रदेश में सबसे अधिक बारिश दक्षिणी छत्तीसगढ़ के इलाकों में रिकॉर्ड की गई। बस्तर जिले के जगदलपुर में 5 सेंटीमीटर और नानगुर में 2 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में 3 सेंटीमीटर तथा कटेकल्याण और गीदम में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर में 2 सेंटीमीटर तथा भैरमगढ़ और गादीरास में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा हुई।

सोमवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के सक्रिय होने के साथ आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

Related Articles

Back to top button