अगर आज छूट गई सिर्फ ‘दो बूंद’, तो जिंदगी भर पड़ सकता है भारी! कोरबा में शुरू हुआ बड़ा अभियान
मंत्री लखनलाल देवांगन ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ, जिले में 1.72 लाख से अधिक बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य

रायपुर, 28 जून 2026। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम, आबकारी तथा सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने रविवार को कोरबा जिले के रानी धनराज कुंवर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नवजात एवं पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने किसी भी बच्चे को इस अभियान से वंचित न रहने दें।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन, पार्षद श्रीमती रूबी सागर सहित जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक माता-पिता की जिम्मेदारी है कि वे जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा है, इसलिए इसमें किसी भी बच्चे का छूटना नहीं चाहिए।
उन्होंने बताया कि कोरबा जिले में इस चरण के दौरान 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 72 हजार 423 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 1578 पल्स पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी बच्चों को दवा पिला रहे हैं। इसके अलावा गांवों, पारा-मोहल्लों, वार्डों, हाट-बाजारों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि कोई भी बच्चा अभियान से वंचित न रहे।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में देश और प्रदेश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास के सभी छोटे बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने में सहयोग करने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों के साथ सुपरवाइजरों की भी तैनाती की गई है। यदि कोई बच्चा किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाता है, तो स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उसे पोलियो रोधी दवा पिलाएंगी।
जिले के सभी विकासखंडों में भी जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन तथा प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष श्री राजेन्द्र जायसवाल ने भी अभिभावकों से अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने की अपील की।
इस अवसर पर मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने स्वयं कई बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से शेड सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
