17 साल बाद भी नम हुईं आंखें… जब एक साथ 29 वीर जवानों ने दी थी मातृभूमि के लिए शहादत
राजनांदगांव में शहादत दिवस पर तत्कालीन एसपी विनोद कुमार चौबे समेत 29 शहीदों को श्रद्धांजलि, भावुक हुआ पूरा पुलिस परिवार।

राजनांदगांव। 12 जुलाई 2009… यह तारीख आज भी छत्तीसगढ़ पुलिस के इतिहास में साहस, बलिदान और वीरता की अमिट याद बनकर दर्ज है। अविभाजित राजनांदगांव जिले के मानपुर क्षेत्र में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान तत्कालीन पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार चौबे समेत 29 पुलिस जवान मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनकी शहादत की बरसी पर रविवार को पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर सभी वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में मानपुर के कोरकोट्टी, सीतागांव और मदनवाड़ा में शहीद हुए तत्कालीन एसपी विनोद कुमार चौबे सहित सभी 29 जवानों के तैल चित्रों पर जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों और शहीद परिवारों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान माहौल भावुक हो गया और उपस्थित लोगों ने वीर जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर स्वर्गीय एसपी विनोद कुमार चौबे की पत्नी रंजना चौबे ने कहा कि यह दिन उनके लिए भावुक होने के साथ-साथ गर्व का भी दिन है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियां शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखें और प्रदेश में अमन-शांति बनी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि नक्सलवाद का अंत होने से अब प्रदेश विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।
सांसद संतोष पांडे ने भी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वर्ष 2009 की तुलना में आज प्रदेश में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संकल्प से छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता की ओर बढ़ा है।
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम, सहकारी बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल, शहीद परिवारों, पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उपस्थित होकर वीर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
SEO Title:
राजनांदगांव में शहादत दिवस: तत्कालीन एसपी विनोद कुमार चौबे समेत 29 वीर जवानों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि



