छत्तीसगढ़

भाई के अंतिम संस्कार में जा रहे थे पति-पत्नी, रास्ते में काल बनकर आया तेज रफ्तार वाहन… एक ही घर से उठीं तीन अर्थियां

धमतरी में दर्दनाक सड़क हादसा, बड़े भाई की मौत की खबर सुनकर लौट रहे दंपती की भी मौके पर मौत; अज्ञात वाहन चालक फरार।

 

धमतरी।

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बड़े भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे पति-पत्नी की रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद एक ही परिवार में कुछ घंटों के भीतर तीन मौतें होने से मातम पसर गया और एक ही घर से तीन अर्थियां निकलीं।

जानकारी के अनुसार, दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा निवासी प्रेमलाल नेताम अपनी पत्नी के साथ ससुराल गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनके बड़े भाई का निधन हो गया है। यह खबर मिलते ही दोनों बाइक से गांव लौटने के लिए रवाना हुए ताकि अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें।

रास्ते में हुआ दर्दनाक हादसा

मगरलोड थाना क्षेत्र के पंडरीपानी और खड़मा गांव के बीच उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक घटनास्थल से फरार हो गया।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पहले बड़े भाई के निधन और फिर कुछ ही घंटों बाद प्रेमलाल नेताम व उनकी पत्नी की सड़क हादसे में मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि धनोरा और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। एक ही घर से तीन अर्थियां उठने की खबर ने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया है।

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button