छत्तीसगढ़ में बारिश का रेड अलर्ट जैसा माहौल! अगले 5 दिन बरसेगा आसमान, डैम के गेट खुले… कई इलाकों में बढ़ा खतरा
छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है। बिलासपुर संभाग में भारी बारिश के बाद नदियां उफान पर हैं, रायगढ़ में केलो डैम के 4 गेट खोलने पड़े हैं। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।
पिछले 24 घंटों में बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में भी सोमवार रात से लगातार बारिश हो रही है, जिससे मौसम सुहाना होने के साथ कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
वहीं रायगढ़ में लगातार बारिश के कारण केलो नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए केलो डैम के चार गेट खोल दिए गए हैं। इसके साथ ही बेलदुला रपटा पुल पर भी पानी चढ़ने लगा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
इससे पहले हुई तेज बारिश के कारण रायगढ़ शहर के पैठू डबरी, चंद्रनगर की नामदेव गली और वार्ड क्रमांक-18 के कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया था, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड और राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने, रुक-रुककर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

