22 साल तक पुलिस की पकड़ से दूर रहा आरोपी… दुबई से लौटते ही रायपुर कोर्ट में किया सरेंडर, जानिए पूरा मामला
Raipur News: रेलवे टिकट दलाली के 22 साल पुराने मामले में फरार आरोपी ने दुबई से लौटकर रायपुर कोर्ट में किया सरेंडर

रायपुर: रेलवे टिकट दलाली के 22 साल पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी ने आखिरकार कानून के सामने सरेंडर कर दिया। पिछले करीब 15 वर्षों से दुबई में ड्राइवर की नौकरी कर रहा आरोपी भारत लौटने के बाद अपने वकील के साथ विशेष रेलवे न्यायालय, रायपुर में पेश हुआ। उसके खिलाफ वर्ष 2012 से स्थायी गिरफ्तारी वारंट (PNBW) जारी था।
2004 में दर्ज हुआ था मामला
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अनुसार, वर्ष 2004 में दुर्ग रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत रेलवे टिकटों की अवैध दलाली का मामला दर्ज किया गया था। मामले में तिजेंदर सिंह उर्फ टिंकू (46), निवासी लक्ष्मी नगर, सुपेला के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई थी।
2012 से जारी था गिरफ्तारी वारंट
विशेष रेलवे न्यायालय, रायपुर ने 18 अप्रैल 2012 को आरोपी के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट (PNBW) जारी किया था। लंबे समय तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिलने के कारण वारंट लंबित रहा।
RPF की जांच से खुला दुबई कनेक्शन
जब आरपीएफ की टीम वारंट में दर्ज पते पर पहुंची तो पता चला कि आरोपी वहां नहीं रहता। जांच और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर टीम पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला स्थित उसके पैतृक गांव पहुंची। वहां आरोपी के परिजनों ने बताया कि वह पिछले करीब 15 साल से दुबई में ड्राइवर के रूप में काम कर रहा है।
परिवार से संपर्क बना, फिर लौटा भारत
आरपीएफ ने आरोपी के परिवार को अदालत का वारंट और नोटिस सौंपा तथा लगातार संपर्क में रहकर उसे अदालत में पेश होने के लिए समझाया। आखिरकार आरोपी दुबई से भारत लौटा और शुक्रवार को अपने वकील के साथ विशेष रेलवे न्यायालय रायपुर में पेश हो गया।
अदालत में स्वीकार किया अपना अपराध
कोर्ट में पेशी के दौरान तिजेंदर सिंह ने स्वीकार किया कि वारंट और नोटिस में दर्ज नाम-पता उसी का है। साथ ही उसने अपने खिलाफ दर्ज अपराध को भी स्वीकार कर लिया। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई न्यायालय की प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।


