18 हजार करोड़ की सौगात के बीच PM मोदी का बड़ा राजनीतिक संदेश! एयरपोर्ट के नामों पर कही ऐसी बात, छिड़ सकती है नई बहस
आंध्र प्रदेश में भोगपुरम एयरपोर्ट समेत कई मेगा प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ, बोले- 'एक परिवार के नाम की परंपरा बदल दी'

Amaravati: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में करीब 18,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने भोगपुरम स्थित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का निरीक्षण किया और देश के एविएशन सेक्टर की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए एयरपोर्ट के नामकरण को लेकर भी बड़ा राजनीतिक बयान दिया।
“एक परिवार के नाम की परंपरा बदली”
कार्यक्रम में रोड शो के बाद मंच पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले देश में कई एयरपोर्टों के नाम एक ही परिवार के नाम पर रखे जाते थे, लेकिन उनकी सरकार ने इस परंपरा को बदलने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि, पंजाब के एयरपोर्ट का नाम संत रविदास और भोगपुरम एयरपोर्ट का नाम स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा गया है। प्रधानमंत्री के इस बयान को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
5 हजार करोड़ की लागत से बना भोगपुरम एयरपोर्ट
विजयनगरम जिले के भोगपुरम में विकसित अल्लूरी सीताराम राजू एयरपोर्ट लगभग 5,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। एयरपोर्ट का डिजाइन पारंपरिक ‘चुट्टिलू कॉटेज’ की वास्तुकला से प्रेरित है, जिसमें आधुनिक सुविधाओं का समावेश किया गया है।
“12 साल में एविएशन सेक्टर ने नई ऊंचाई हासिल की”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है।
उन्होंने बताया कि 2014 में देश में केवल 74 एयरपोर्ट संचालित थे, जबकि आज उनकी संख्या बढ़कर 166 हो गई है। उनके अनुसार, अब हवाई यात्रा केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि छोटे शहरों और सामान्य परिवारों के लोग भी आसानी से विमान यात्रा कर रहे हैं।
उड़ान योजना के दूसरे चरण का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि उड़ान (UDAN) योजना ने देश के लाखों लोगों का हवाई यात्रा का सपना पूरा किया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने हाल ही में उड़ान योजना के दूसरे चरण की शुरुआत की है, जिस पर 29 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, ताकि और अधिक शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़ा जा सके।
स्पोक एयरपोर्ट मॉडल का किया उल्लेख
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने स्पोक एयरपोर्ट मॉडल की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि हाल ही में काशी से शुरू हुआ यह मॉडल अब अमृतसर तक पहुंच गया है, जिससे अमृतसर 25 से अधिक नए गंतव्यों से जुड़ जाएगा। उन्होंने इस उपलब्धि पर पंजाब के लोगों को भी बधाई दी।
मैसूरु में भी करेंगे महत्वपूर्ण कार्यक्रम
आंध्र प्रदेश के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री का कर्नाटक दौरा भी निर्धारित है। वह मैसूरु स्थित श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र–विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे।
विकास के साथ सियासी संदेश भी
आंध्र प्रदेश में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने एयरपोर्ट के नामकरण और एविएशन सेक्टर की उपलब्धियों को लेकर सरकार की नीतियों का भी उल्लेख किया। ऐसे में यह दौरा विकास परियोजनाओं के साथ-साथ उनके राजनीतिक संदेश को लेकर भी चर्चा में बना हुआ है।


