IDBI बैंक की CSR पहल से जशपुर के 8 विद्यालयों में शुरू हुई स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा को मिलेगा नया आयाम

रायपुर, 4 अगस्त 2026: प्रदेश में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में जशपुर जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। IDBI बैंक की कॉर्पाेरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) योजना के अंतर्गत जिले के आठ सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों में स्मार्ट क्लास पैनल स्थापित किए गए हैं। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सरस्वती शिशु मंदिर, जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया।
IDBI बैंक, जशपुर शाखा की इस पहल के तहत जशपुर, बगीचा, दुलदुला, तपकरा, लोधमा, कुनकुरी, पत्थलगांव सहित जिले के आठ प्रमुख सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों को स्मार्ट क्लास सुविधा से जोड़ा गया है। इन डिजिटल पैनलों के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीक आधारित, गुणवत्तापूर्ण और अधिक प्रभावी शिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी सीखने की क्षमता और विषयों के प्रति रुचि में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए भी तैयार करेंगी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में प्क्ठप् बैंक की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के प्रति सकारात्मक योगदान बताया।
कार्यक्रम में IDBI बैंक जशपुर के शाखा प्रबंधक श्री ऋषिकेश महतो, श्री रामनिवास अग्रवाल, सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य श्री संजय यादव, बैंक के श्री राहुल गुप्ता, कलेक्टर कार्यालय से श्री अभिषेक दुबे सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



