छत्तीसगढ़रायपुर

काफिले के हादसे के बाद खुद अस्पताल पहुंचे मंत्री केदार कश्यप, घायल जवानों का जाना हाल; इलाज को लेकर दिए सख्त निर्देश

जगदलपुर, 24 अगस्त 2026: वन मंत्री केदार कश्यप ने डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल अस्पताल पहुंचकर सड़क दुर्घटना में घायल जवानों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार और रिकवरी की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी लेते हुए घायल जवानों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मंत्री ने अस्पताल में भर्ती जवानों के परिजनों से भी बातचीत की और उन्हें ढांढस बंधाते हुए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायल जवान सुरक्षित हैं और उनका इलाज लगातार जारी है।

डॉक्टरों से ली इलाज और रिकवरी की पूरी जानकारी

वन मंत्री ने स्वर्गीय बलिराम कश्यप मेमोरियल मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू और कॉन्टिनेंटल अस्पताल के सहायक महाप्रबंधक डॉ. संतोष कुमार सिंह से मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने घायल जवानों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, उपचार योजना और रिकवरी को लेकर विस्तार से चर्चा की। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपचार में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए और जवानों को आवश्यक सभी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

23 अगस्त को हुआ था काफिले में हादसा

जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त को वन मंत्री केदार कश्यप ग्राम फरसागुड़ा (भानपुरी) से कोंडागांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

इसी दौरान भानपुरी थाना क्षेत्र में कोंडागांव की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पायलट वाहन को पार करने के दौरान मंत्री की गाड़ी के साइड मिरर को छू लिया। इसके बाद स्कॉर्पियो स्पेयर वाहन से टकराई और फिर काफिले के फॉलो वाहन से जा भिड़ी।

हादसा इतना जोरदार था कि फॉलो वाहन में सवार चालक और पुलिस जवान घायल हो गए।

हादसे के बाद तत्काल शुरू कराया गया उपचार

दुर्घटना के तुरंत बाद वन मंत्री ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर उपचार के लिए जगदलपुर रेफर किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

जवानों के साथ खड़े दिखे मंत्री, परिजनों को दिलाया भरोसा

अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों का हाल जानना और उनके परिजनों से मुलाकात करना मंत्री केदार कश्यप की संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जवानों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Related Articles

Back to top button