17 सितंबर से सारंगढ़-बिलाईगढ़ में दिखेगा ‘सेवा संकल्प’ का रंग, गांव से शहर तक चलेगा बड़ा अभियान… जानिए क्या-क्या होगा
विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने की तैयारी, एक महीने तक स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और गांवों में होंगी अलग-अलग गतिविधियां

रायपुर/सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होने जा रही है। अभियान को व्यापक और जन-आंदोलन का रूप देने के लिए राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।
यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहे, बल्कि जनपद, तहसील, नगर पंचायत और दूरस्थ ग्राम पंचायतों तक इसकी गतिविधियां पहुंचनी चाहिए।
युवाओं से लेकर महिलाओं और बुजुर्गों तक की होगी भागीदारी
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा और नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करने तथा ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसमें युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान वास्तव में जन-आंदोलन का स्वरूप ले सके।
17 सितंबर को जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम जिले के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर किया जाएगा।
इसके बाद पूरे एक महीने तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
स्कूलों में बच्चों से पूछा जाएगा ‘सपनों का भारत’
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत सरकारी और निजी स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों के नजरिए से भविष्य के भारत की कल्पना को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का उत्सव’
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ मनाया जाएगा। इस दौरान पोषण, महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। बेहतर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
‘सरकार आपके द्वार’ लगाकर मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ
‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड और विधानसभा स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की कोशिश की जाएगी।
वहीं ‘कहानी बदलाव की’ और ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों की प्रेरक कहानियां सामने लाई जाएंगी। नुक्कड़ नाटकों के जरिए भी जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
सफाई से लेकर जनभागीदारी यात्रा तक होंगे कार्यक्रम
‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत नदियों और घाटों की सफाई सहित विभिन्न सार्वजनिक सेवा कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जनभागीदारी यात्राएं भी आयोजित की जाएंगी।
तैयारियों को लेकर प्रशासन ने बनाई तिथिवार योजना
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि अभियान को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सभी विभागों के साथ समन्वय कर तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पूर्व विधायक और जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


