जशपुर में ‘सेवा संकल्प’ को लेकर बड़ी तैयारी, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जनप्रतिनिधियों से की वर्चुअल बैठक… जानिए क्या होगा खास
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा एक माह का अभियान, जनभागीदारी बढ़ाने और सेवा गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर

रायपुर/जशपुर, 10 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक रूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने प्रभार जिले जशपुर के जनप्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले एक माह के अभियान की तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा और नेतृत्व की यात्रा देश की क्षमता में विश्वास की प्रेरक कहानी है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा और सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज के हर वर्ग को सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
जशपुर में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
बैठक के दौरान अभियान के तहत जशपुर जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। साथ ही ज्यादा से ज्यादा लोगों को अभियान से जोड़ने, सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों को बढ़ावा देने और कार्यक्रमों को व्यापक स्वरूप देने पर जोर दिया गया।
वित्त मंत्री ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित लोगों से अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही। अभियान के जरिए जनसेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।



