छत्तीसगढ़

Raipur Fake Paneer: प्लाईवुड फैक्ट्री के अंदर चल रहा था नकली पनीर का खेल! 650 किलो की खेप पकड़ते ही मचा हड़कंप

फैक्ट्री से निकलते ही मुखबिर ने दी सूचना, जोरा मॉल के पास फूड एंड सेफ्टी टीम ने ओडिशा जा रही पिकअप रोकी; सैंपल जांच के लिए लैब भेजा

रायपुर। रायपुर में नकली पनीर के कारोबार का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस बार प्लाईवुड फैक्ट्री की आड़ में नकली पनीर तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। फैक्ट्री से तैयार करीब 650 किलो पनीर की खेप ओडिशा भेजी जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम ने उसे पकड़ लिया।

यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। विभाग ने जब्त पनीर के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्लाईवुड फैक्ट्री के अंदर बन रहा था पनीर

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बीरगांव में पंछी डोर्स एंड प्लाईवुड फैक्ट्री संचालित है। आरोप है कि इसी फैक्ट्री के भीतर अंशु बंसल द्वारा ‘सांवरिया सेठ मिल्क एंड प्रोडक्ट’ के नाम से पनीर तैयार किया जा रहा था।

मंगलवार शाम करीब 7 बजे फैक्ट्री से तैयार 650 किलो पनीर को एक पिकअप वाहन में लोड किया गया। खेप को ओडिशा भेजा जा रहा था।

फैक्ट्री से निकली खेप और पहुंच गई टीम की नजर

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री से पनीर की खेप निकलते ही मुखबिर ने इसकी जानकारी फूड एंड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही विभाग ने टीम तैयार की और वाहन की तलाश शुरू कर दी।

टीम ने जोरा मॉल के पास पिकअप वाहन को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में पनीर मिला।

650 किलो पनीर जब्त, दस्तावेज भी नहीं मिले

जांच के दौरान विभाग की टीम ने पिकअप से करीब 650 किलो पनीर बरामद किया। अधिकारियों ने ड्राइवर से पनीर से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन उसके पास जरूरी दस्तावेज नहीं थे।

इसके बाद विभाग ने पनीर का सैंपल लिया और उसे जांच के लिए लैब भेज दिया है।

रिपोर्ट के बाद खुलेगा पूरा राज

फूड एंड सेफ्टी विभाग अब इस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटा है। अधिकारियों की जांच अब सिर्फ पिकअप में पकड़ी गई खेप तक सीमित नहीं है, बल्कि बीरगांव की फैक्ट्री में पनीर कैसे तैयार किया जा रहा था और इस कारोबार से कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

लैब रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि जब्त पनीर निर्धारित खाद्य मानकों पर खरा उतरता है या नहीं। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button