रायगढ़: अब सपनों को मिलेगी उड़ानः CM भूपेश के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं के चेहरे पर सजी मुस्कान, रोजगार मेले में 710 लोगों को मिला रोजगार…
रायगढ़. तमनार का हाईस्कूल मैदान आज सैकड़ों युवाओं के सपनों के साकार होने का साक्षी बना. यहां जिला प्रशासन ने रोजगार मेले का आयोजन किया था. मेले से 710 युवा उद्योगों से ऑफर लेटर लेकर अपने घर लौटे हैं. तमनार में आयोजित रोजगार मेले में 54 उद्योग, 1231 वैकेंसी लेकर पहुंचे थे, जिसके लिए 2640 युवाओं ने आवेदन किया. शेष रिक्तियों के लिए प्रक्रिया अगले चरणों में बढ़ाई गई है, जिसे अगले दो दिनों में पूरी कर ली जाएगी. ऑफर लेटर प्राप्त करने वाले युवाओं ने इस आयोजन के लिए कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा और पूरे जिला प्रशासन का आभार जताते हुए इसे एक सराहनीय पहल बताया है.
लैलूंगा विधायक चक्रधर सिंह सिदार ने इस मौके पर युवाओं को रोजगार प्राप्ति की बधाई देते हुए कहा कि, छत्तीसगढ़ की सरकार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में युवाओं के विकास को लेकर प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि, युवाओं के रोजगार देने के लिए एक ओर जहां ऐसे मेलों का आयोजन हो रहा है. वहीं दूसरी ओर शिक्षित बेरोजगारों को शासन भत्ता भी प्रदान कर रही है. उन्होंने तमनार में रोजगार मेले के आयोजन को कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा की संवेदनशील पहल बताया. उन्होंने कहा कि, इस आयोजन से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा, साथ ही क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा. उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि, सरकार निरंतर सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है
जिला पंचायत अध्यक्ष निराकार पटेल ने रोजगार मेले के आयोजन को सराहनीय कदम बताया. उन्होंने कहा कि, स्थानीय युवाओं को यहां के उद्योगों में काम मिले इससे अच्छी बात क्या होगी. इस मेले के माध्यम से इस दिशा में प्रशासन ने कदम बढ़ाए हैं, जिसका लाभ निश्चित रूप से यहां के युवाओं को मिलेगा.



