बिलासपुर: ED-IT जांच के आधार पर अफसरों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए भाजपा नेता की PIL हाईकोर्ट से खारिज
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और आयकर विभाग की जांच के आधार पर पूर्व मुख्य सचिव विवेक ढांड, आईएएस अनिल टुटेजा, समीर विश्नोई और सौम्या चौरसिया के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच नहीं करने के खिलाफ भाजपा नेता नरेश चंद्र गुप्ता की याचिका हाईकोर्ट की डबल बेंच ने खारिज कर दी है. चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस राकेश मोहन पांडेय ने सभी पक्षों को सुनने के बाद याचिका को चलने योग्य नहीं पाया.
भाजपा नेता नरेश चंद्र गुप्ता ने हाईकोर्ट में एक याचिका लगाई थी. इसमें उन्होंने कहा था कि पूर्व मुख्य सचिव विवेक ढांड, आईएएस अनिल टुटेजा, समीर विश्नोई और सौम्या चौरसिया के खिलाफ ईडी और आयकर विभाग ने जांच के बाद राज्य सरकार को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई के लिए लिखा है. इस मामले में राज्य सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है. इसके लिए उन्होंने हाईकोर्ट से सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव, मुख्य सचिव, डीजीपी, ईओडब्ल्यू/एसीबी के डायरेक्टर और एसपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग की थी.


