बिलासपुर: चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज के 2016-17 बैच को मान्यता नहीं, ग्रेजुएट छात्रों की याचिका पर एनएमसी, स्वास्थ्य सचिव को नोटिस
बिलासपुर. चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज के 2016-17 बैच की मान्यता नहीं होने के कारण एमबीबीएस की डिग्री पूरा करने के बावजूद छात्रों का भविष्य संकट में है. इस मामले में छात्रों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस राकेश मोहन पांडेय की डिवीजन बेंच ने मामले में नेशनल मेडिकल कमीशन, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव व राज्य के स्वास्थ्य सचिव आदि से जवाब मांगा है. इस मामले में ग्रीष्म कालीन अवकाश के तुरंत बाद 14 जून को सुनवाई होगी.
छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के 2016-17 बैच के एमबीबीएस के छात्रों की डिग्री को नेशनल मेडिकल कमीशन ने अब तक मान्यता नहीं दी है. इसके लिए बार-बार निवेदन करने पर भी नेशनल मेडिकल कमीशन ने समस्या दूर नहीं की. इसे लेकर शुभम गुप्ता और वंशिका वर्मा ने अधिवक्ता मतीन सिद्दीकी और हर्षमंदर रस्तोगी के जरिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया.

