छत्तीसगढ़ कांग्रेस में मीटिंग पॉलिटिक्स : अकबर के घर डिनर के बाद रविंद्र चौबे के घर नाश्ते में जुटे कांग्रेस नेता, बीजेपी नेताओं के प्रवेश पर चर्चा
रायपुर. छत्तीसगढ़ कांग्रेस नेताओं में कुछ दिनों पहले तक जो दूरी और मतभेद दिख रहा था, उसे दूर कर एका का संदेश देने की योजना के तहत बुधवार को कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा, सीएम भूपेश बघेल, पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम और सीएम के दावेदार अन्य नेता कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे के निवास पर जुटे. चौबे के पैर में चोट है, इसलिए वे फिलहाल किसी कार्यक्रम में नजर नहीं आ रहे थे, इसलिए सभी उनके निवास पर ही पहुंच गए. सुबह करीब 10.30 से लेकर डेढ़ घंटे चुनावी बातों के साथ कांग्रेस के संपर्क में चल रहे बीजेपी के कुछ नेताओं के प्रवेश पर भी चर्चा हुई. दिग्गज आदिवासी नेता नंदकुमार साय के बाद कुछ और नेता भी परस्पर कांग्रेस के संपर्क में हैं. इनमें विधायकों के संपर्क में होने की भी बातें सामने आती रहती हैं. बैठक में विधानसभा स्पीकर डॉ. चरणदास महंत, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और वन मंत्री मोहम्मद अकबर भी थे. अगली बैठक अब ताम्रध्वज के निवास पर होगी.

