बड़ी खबर: ओडिसा मे बड़ा सड़क हादसा, दो बसों में आमने-सामने की टक्कर में 12 यात्रियों की मौत, कई घायल…
ओडिशा)। दो बसों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में 12 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं अनेक यात्री घायल हुए हैं. आधी रात को चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद घायलों को बस से निकालकर अस्पताल में दाखिल कराया गया. ओडिशा के गंजम में हुई दुर्घटना में मृत यात्रियों के परिजनों को 3-3 लाख और घायल यात्रियों को 30-30 हजार रुपए देने का ओडिशा सरकार ने ऐलान किया है.
जानकारी के अनुसार, ओडिशा राज्य सड़क परिवहन निगम की बस और निजी बस की देर रात गंजम के दिगपहांडी के पास टक्कर हो गई. अधिकारियों ने बताया कि ओएसआरटीसी की बस रायगढ़ा से भुवनेश्वर जा रही थी, जबकि निजी बस जिले के खंडादेउली गांव से एक शादी की पार्टी लेकर बेरहामपुर से लौट रही थी. दिगपहांडी पुलिस और अग्निशमन सेवा कर्मी मौके पर पहुंचे और कई यात्रियों को बचाया.
अधिकारियों ने बताया कि अब तक 12 लोगों के मारे जाने की सूचना है, जिनमें 6 पुरुष, 4 महिलाएं और 2 नाबालिग शामिल हैं. हादसे में जहां ओएसआरटीसी बस में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं. वहीं अधिकांश मारे गए यात्री प्राइवेट बस के थे. घायल 6 लोगों का एमकेसीजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को कटक के एससीबी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है.
सीएम नवीन पटनायक जताया दुःख
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने मृतकों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री कार्यालय के एक बयान के अनुसार, सीएम पटनायक ने घायलों को मुफ्त चिकित्सा उपचार मुहैया कराने का आदेश दिया है, और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री विक्रम अरुख और गंजम डीपीसीसी के अध्यक्ष और विधायक विक्रम पांडा को तुरंत मौके पर जाकर पीड़ितों की मदद करने का निर्देश दिया है.



