“दुनिया भर से लौटेंगे अपने!” रायपुर में होगा भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन, 27-28 मार्च को सजेगा ऐतिहासिक मंच
संस्कृति, निवेश और सम्मान का संगम… विदेशों में बसे छत्तीसगढ़ियों को भेजा गया न्योता

रायपुर। राजधानी एक बार फिर ऐतिहासिक आयोजन की तैयारी में जुट गई है। दुनिया के अलग-अलग देशों में बसे छत्तीसगढ़ी अब एक मंच पर नजर आएंगे। आगामी 27 और 28 मार्च को नवा रायपुर में भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं।
विधानसभा स्थित समिति कक्ष में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में अहम बैठक हुई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा तय की गई। बैठक में जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव और आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
📍 नवा रायपुर बनेगा ग्लोबल मिलन स्थल
सम्मेलन का आयोजन नवा रायपुर में किया जाएगा। आयोजन की तर्ज पर इसे रायपुर साहित्य महोत्सव जैसा भव्य स्वरूप देने की तैयारी है।
विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ मूल के लोगों को आमंत्रित करने के लिए विशेष पोर्टल तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से पंजीयन प्रक्रिया जारी है।
🎶 संस्कृति से लेकर निवेश तक… क्या-क्या होगा खास?
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ी लोक परंपरा और संस्कृति से जुड़े रंगारंग कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही—
-
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे प्रवासियों का सम्मान
-
युवाओं के लिए मार्गदर्शन सत्र
-
अलग-अलग सेक्टर में निवेश के अवसर
-
सहमति बनने पर एमओयू साइन करने की व्यवस्था
-
पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की विशेष प्रस्तुति
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सम्मेलन में आने वाले प्रवासियों को उनकी आवश्यकतानुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
🚀 क्या बदलेगी प्रदेश की तस्वीर?
यह सम्मेलन केवल सांस्कृतिक मेल-मिलाप तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश में निवेश और विकास की नई संभावनाओं के द्वार भी खोल सकता है। अगर प्रवासी छत्तीसगढ़ी यहां निवेश के लिए आगे आते हैं, तो यह राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है।


