
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को बड़ी सफलता मिली है। विश्वसनीय सूचना के आधार पर जवानों ने पीडिया और कुप्पागुड़ा क्षेत्र के एड्री, हर्रा, नयापारा और सरपंचपारा के घने जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए 14 नक्सली डंप बरामद किए गए।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 99 प्रकार की सामग्री जब्त की है, जिसमें हथियारों के साथ विस्फोटक और आईडी निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी शामिल है।
घने जंगलों में कई इलाकों को घेरकर चला ऑपरेशन
यह कार्रवाई CRPF की 199वीं वाहिनी ने कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की देखरेख में की। बी/199 और एफ/199 कंपनी के जवानों के साथ यंग प्लाटून ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया।
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर बेहद सतर्कता के साथ चरणबद्ध तरीके से तलाशी ली। इसी दौरान जंगल में अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद हुई।
303 रायफल से भरमार बंदूक तक बरामद
सर्च ऑपरेशन में बरामद सामग्री में एक 303 बोल्ट एक्शन रायफल, पांच भरमार रायफल और एक देशी 12 बोर रायफल शामिल हैं।
इसके अलावा 10 आईडी, 8 डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, वायरलेस सेट, प्लास्टिक और स्टील कंटेनर समेत आईडी निर्माण में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न इलेक्ट्रिक सामग्री और नक्सली कपड़े भी मिले हैं।
सुरक्षा बलों के मुताबिक, कुल 99 प्रकार की सामग्री जब्त की गई है।
ऑपरेशन में नहीं हुई कोई जनहानि
सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान विशेष सतर्कता बरती। इलाके की घेराबंदी से लेकर तलाशी तक पूरी कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से की गई। अधिकारियों के अनुसार ऑपरेशन के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
CRPF अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिली है। साथ ही, ग्रामीणों के बीच सुरक्षा की भावना भी मजबूत हुई है।
पेगड़ापल्ली जंगल में भी पकड़ा गया था नक्सली डंप
इससे पहले बीजापुर जिले के पेगड़ापल्ली जंगल में भी पुलिस ने नक्सली डंप बरामद किया था। 29 अगस्त को ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति बोगम लखमू (39) को घेराबंदी कर पकड़ा था।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर डीएकेएमएस सदस्य के रूप में काम करने तथा नक्सलियों की सामग्री और विस्फोटक छिपाने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की थी।
50 हजार रुपये से लेकर BGL लांचर तक मिला था सामान
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 50,050 रुपये नकद, एक BGL लांचर, 18 BGL सेल, 12 तीर बम, एक हैंड ग्रेनेड और 303 के 15 जिंदा राउंड बरामद किए गए थे।
इसके अलावा 31 BGL कार्ट्रिज, एक इंसास खाली मैगजीन, बिजली के तार, तीन राउंड चार्जर और एक ईमीटर लीड भी बरामद हुई थी।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से सुरक्षा बलों ने जंगलों में नक्सलियों के छिपे ठिकानों और उनके हथियारों के डंप पर दबाव बढ़ाया है। फिलहाल बीजापुर के जंगलों में सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है।



