ड्रग्स केस में गिरफ्तार महिला को छोड़ने का सौदा? वायरल ऑडियो ने खोली पुलिसवालों की पोल, 2 SI सस्पेंड
50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप, सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल होते ही SSP ने की बड़ी कार्रवाई

दुर्ग। ड्रग्स मामले में गिरफ्तार एक महिला को छोड़ने के बदले कथित तौर पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आने के बाद दुर्ग पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो ने दो सब इंस्पेक्टरों को मुश्किल में डाल दिया, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार पुरानी भिलाई थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर तुलसीराम साहू ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि महिला को छोड़ने के एवज में उसकी बेटी से 50 हजार रुपये की मांग की गई। इस कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया।
वायरल ऑडियो की प्रारंभिक जांच में पुरानी भिलाई थाने में पदस्थ एसआई तुलसीराम साहू और खुर्सीपार थाने में पदस्थ एसआई देव लाल साहू की कथित संलिप्तता सामने आई। जांच में दोनों अधिकारियों की मिलीभगत पाए जाने पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाया।
दुर्ग पुलिस के अनुसार पुरानी भिलाई थाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के केस क्रमांक 288/2026 से जुड़े मामले में आरोपी पक्ष से पैसों की मांग किए जाने की शिकायत और वायरल ऑडियो के आधार पर कार्रवाई की गई है। विभागीय नियमों के विपरीत आचरण पाए जाने पर एसएसपी विजय अग्रवाल ने दोनों सब इंस्पेक्टरों को निलंबित कर रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच कर दिया है।
मामले में नया मोड़ तब आया जब गिरफ्तार महिला की बेटी ने आरोप लगाया कि साइबर क्राइम से जुड़े कुछ लोगों ने भी उससे 2 लाख रुपये की मांग की थी। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
वायरल ऑडियो और निलंबन की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सभी की नजर विभागीय जांच पर टिकी है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि पूरे मामले में और कौन-कौन शामिल था तथा रिश्वत मांगने के आरोपों में कितनी सच्चाई है।



