छत्तीसगढ़

सुबह-सुबह मौत का खौफनाक खेल! शौच के लिए निकली पत्नी पर पति का वार, कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट

राजनांदगांव में पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप, वारदात के 2 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया


राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना लालबाग थाना क्षेत्र के ग्राम कविराज टोलागांव की है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार 4 मई की सुबह करीब 6 बजे पूर्णिमा पारधी शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान उसका पति रंजीत पारधी (38 वर्ष) टीवीएस मोपेड से वहां पहुंचा और बिना कुछ कहे उस पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गहरी चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के तीन बच्चे हैं और बीते करीब एक साल से पत्नी अपने पति से अलग रह रही थी। इसी पारिवारिक रंजिश ने इस खौफनाक वारदात को जन्म दिया।

घटना की सूचना सुबह 6:40 बजे पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोपेड और खून से सने कपड़े भी जब्त किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है, वहीं तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से हर कोई स्तब्ध है।

Related Articles

Back to top button