होली खेलने निकला 18 साल का युवक मिला पेड़ से लटका, इलाके में सनसनी… हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस
कोरबा के कुसमुंडा क्षेत्र में नदी किनारे बांस के पेड़ पर लाल गमछे से लटका मिला मनीष कंवर का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में होली के दिन लापता हुए एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह युवक का शव नदी किनारे बांस के पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, शव की स्थिति को देखते हुए परिवार ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 18 वर्षीय मनीष कंवर, पिता धुल सिंह कंवर के रूप में हुई है। वह बुधवार को होली खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो उसका कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार सुबह परिजनों और स्थानीय लोगों को सूचना मिली कि कुसमुंडा थाना क्षेत्र के सुराकछार और आनंद नगर के बीच खोलार नदी के किनारे एक बांस के पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ है। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि मनीष का शव लाल रंग के गमछे से पेड़ पर लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। शव के लटकने की स्थिति को देखकर परिजन और स्थानीय लोग इसे संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया।
परिजनों ने बताया कि मनीष घर का इकलौता बेटा था और उसके पिता एक निजी कंपनी में काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या का। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।



