छत्तीसगढ़

रायपुर में खामोश हलचल, जापानी प्रतिनिधिमंडल की CM साय से मुलाकात ने बढ़ाया सस्पेंस, क्या होने वाला है बड़ा निवेश

बंद कमरे में हुई अहम चर्चा, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विस्तार को लेकर तेज हुई अटकलें


रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक ऐसी मुलाकात हुई है, जिसने सियासी और औद्योगिक गलियारों में अचानक हलचल पैदा कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान हुई बातचीत को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री साय ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास और तकनीकी सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अपने जापान प्रवास का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार की उद्योगोन्मुखी नीतियों के चलते छत्तीसगढ़ अब वैश्विक निवेशकों के लिए तेजी से आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जापान तकनीकी रूप से अग्रणी देश है और वहां की विशेषज्ञता से राज्य के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस तरह के सहयोग से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।

वहीं जापानी प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में निवेश के लिए अनुकूल और पारदर्शी माहौल तैयार किया गया है। प्रतिनिधियों ने भविष्य में निवेश बढ़ाने की इच्छा भी जाहिर की, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि आने वाले समय में कोई बड़ा कदम सामने आ सकता है।

इस अहम बैठक में विधायक अनुज शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, एफएसएनएल के डायरेक्टर युकीहिरो मोमोसे, कोनोइके ट्रांसपोर्ट के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर तोशीहीरो फूजीवारा, एफएसएनएल के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील कुमार दीक्षित और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के पूर्व सीएमडी के. डी. दीवान भी मौजूद रहे।

अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि इस मुलाकात के पीछे क्या बड़ा फैसला छिपा है और क्या छत्तीसगढ़ में जल्द ही कोई बड़ा निवेश या औद्योगिक प्रोजेक्ट सामने आने वाला है।

Related Articles

Back to top button