देश

iPhone की जिद में पहाड़ पर चढ़ा बेटा, बचाने दौड़े मां-बाप और फिर जो हुआ उसने पूरे परिवार को उजाड़ दिया… रोंगटे खड़े कर देगा ये हादसा

Chhatrapati Sambhajinagar News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक ऐसा दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। बताया जा रहा है कि महंगे iPhone की किस्त को लेकर पिता से विवाद के बाद युवक गुस्से में पहाड़ी पर चढ़ गया। बेटे को बचाने के लिए मां-बाप भी उसके पीछे पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर में हालात ऐसे बिगड़े कि तीनों की दर्दनाक मौत हो गई।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि पुलिस, दमकल विभाग और परिजनों ने करीब तीन घंटे तक युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन आखिरकार एक के बाद एक तीनों पहाड़ी से नीचे जा गिरे।

iPhone को लेकर पिता से हुआ विवाद, गुस्से में पहाड़ी पर चढ़ गया युवक

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, युवक की उम्र करीब 18-19 साल बताई जा रही है। वह iPhone खरीदने की जिद पर अड़ा था। पिता ने महंगा फोन दिलाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।

गुस्से में युवक छत्रपति संभाजीनगर के खवल्या पहाड़ के एक ऊंचे और खतरनाक हिस्से पर चढ़ गया। परिवार को जब इसकी जानकारी मिली तो माता-पिता मौके पर पहुंचे और उसे नीचे आने के लिए समझाने लगे।

तीन घंटे तक समझाते रहे मां-बाप और बचाव दल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। परिजन और बचाव दल युवक को लगातार समझाते रहे। करीब तीन घंटे तक उसे नीचे उतारने की कोशिश की गई।

इसी दौरान अचानक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह पहाड़ी से नीचे गिरने लगा। बेटे को गिरता देख पिता उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन वह भी उसके साथ नीचे जा गिरे।

बेटे को गिरता देख मां ने भी लगा दी छलांग

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह सब अपनी आंखों के सामने होता देख मां संगीता भी खुद को रोक नहीं सकीं। उन्होंने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी।

इस हादसे में युवक और उसके माता-पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए।

बेटे को मनाने के लिए मां ने उतार दिया था मंगलसूत्र

इस घटना का सबसे भावुक कर देने वाला पहलू भी सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब युवक पहाड़ी पर चढ़ा था तो उसकी मां संगीता भी उसे समझाने के लिए पहुंची थीं।

बताया जा रहा है कि मां ने बेटे को मनाने के लिए अपना मंगलसूत्र तक उतारकर उसके सामने फेंक दिया और उससे कहा कि उसका विवाद पिता से है, वह अपने पिता के साथ नहीं रहेंगी और दोनों अलग रह लेंगे। बस वह नीचे आ जाए।

लेकिन युवक उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुआ। इसके कुछ ही देर बाद स्थिति बेकाबू हो गई और पूरा परिवार इस दर्दनाक हादसे की चपेट में आ गया।

खदान से शव निकालने में लगी घंटों की मशक्कत

हादसे के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पहाड़ी और खदान वाले इलाके में बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों के शव बाहर निकाले गए और अस्पताल भेजे गए।

इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि गुस्से और पल भर के आवेश में उठाया गया कोई कदम कितना बड़ा नुकसान कर सकता है। एक मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पूरे परिवार की जिंदगी खत्म करने वाली त्रासदी में बदल गया।

Related Articles

Back to top button