छत्तीसगढ़

स्कूल पहुंचने से पहले ही खत्म हुई जिंदगी, तेज रफ्तार ट्रक ने ली महिला टीचर की जान, साथी जिंदगी और मौत के बीच

सुबह की सामान्य शुरुआत बनी दर्दनाक हादसा, एक की मौके पर मौत, दूसरी की हालत गंभीर


बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर स्कूल जा रही दो शिक्षिकाएं अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसा इतना भीषण था कि एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई है।

यह घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दोनों शिक्षिकाएं स्कूटी से अपने विद्यालय करमडीहा स्कूल के लिए निकली थीं। रास्ते में अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हालात इतने भयावह हो गए कि एक शिक्षिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं दूसरी शिक्षिका रजनी केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत वाड्रफनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

मृतक और घायल दोनों शिक्षिकाएं करमडीहा स्कूल में पदस्थ थीं। जैसे ही हादसे की खबर स्कूल और परिजनों तक पहुंची, शोक और स्तब्धता का माहौल बन गया। सहकर्मियों और ग्रामीणों के बीच गहरा दुख देखा गया।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से हो रही सड़क दुर्घटनाओं की भयावह तस्वीर सामने लाता है।

Related Articles

Back to top button