छत्तीसगढ़

रेत माफियाओं पर चला सरकार का बड़ा शिकंजा! अचानक हुई कार्रवाई में 4 हाईवा जब्त, मचा हड़कंप

प्रदेशभर में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान जारी, सूरजपुर में 56 घन मीटर अवैध रेत के साथ चार हाईवा पकड़े गए।

 


रायपुर।

छत्तीसगढ़ में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेशभर में खनिज विभाग, जिला प्रशासन, राजस्व विभाग और जिला स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर अवैध खनन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी अभियान के तहत 13 जुलाई को सूरजपुर जिले के भैयाथान स्थित गंगोटी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत का परिवहन कर रहे चार हाईवा वाहनों को पकड़ा गया। जांच में इन वाहनों से 56 घन मीटर अवैध रेत का परिवहन पाया गया।

खनिज विभाग, राजस्व अमले और जिला स्तरीय टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में चारों हाईवा वाहनों को मौके पर ही जब्त कर बसदेई थाना के सुपुर्द कर दिया गया। संबंधित प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदेशभर में रेत के साथ-साथ पत्थर, गिट्टी, मुरूम, मिट्टी और ईंट सहित विभिन्न लघु खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और मशीनों को जब्त कर नियमानुसार अर्थदंड भी वसूला जा रहा है।

खनिज विभाग का कहना है कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप खनिज संपदा के संरक्षण, सरकारी राजस्व की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button