जशपुर की बदलेगी तस्वीर! 8.44 करोड़ की मंजूरी से इन गांवों की किस्मत पलटेगी, सालों पुरानी परेशानी होगी खत्म
चार नई ग्रामीण सड़कों को मिली प्रशासनिक स्वीकृति, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार को मिलेगा बड़ा सहारा

जशपुर। जशपुर जिले के ग्रामीण इलाकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वर्षों से बेहतर सड़क सुविधा का इंतजार कर रहे कई गांवों की तस्वीर अब बदलने वाली है। राज्य सरकार ने जिले में चार महत्वपूर्ण ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए 8 करोड़ 44 लाख 68 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और स्थानीय व्यापार को भी नई रफ्तार मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधान के तहत स्वीकृत इन सड़क परियोजनाओं से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी पहले से कहीं अधिक बेहतर होगी।
किन सड़कों के लिए मिली मंजूरी?
राज्य शासन द्वारा जारी स्वीकृति के अनुसार—
- बुलडेगा से रेचवाघाट पहुंच मार्ग (1.20 किमी) के निर्माण के लिए 1 करोड़ 23 लाख 77 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे ग्रामीणों को सालभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
- खुंटापानी से सलियामुड़ा पहुंच मार्ग (3 किमी) के निर्माण के लिए 3 करोड़ 46 लाख 67 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। यह सड़क कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बनेगी। इससे विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
- कोसमभावना से बनगांव पहुंच मार्ग (1.20 किमी), जिसमें पुल-पुलिया का निर्माण भी शामिल है, के लिए 1 करोड़ 43 लाख 84 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बरसात के दौरान आवागमन की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
- बुलडेगा मेन रोड से सुकबासुपारा होते हुए भिंजपुर पहुंच मार्ग (2.50 किमी) के निर्माण के लिए 2 करोड़ 30 लाख 40 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। इस सड़क से कई गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और परिवहन सुविधाएं बेहतर होंगी।
ग्रामीणों और किसानों को होगा सीधा फायदा
नई सड़कों के निर्माण से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। विद्यार्थियों का स्कूल और कॉलेज तक पहुंचना सरल होगा, जबकि मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक समय पर पहुंचने में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय व्यापार, रोजगार और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीणों में खुशी की लहर
राज्य सरकार के इस फैसले से क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार जनहित में फैसले ले रही है। उनका मानना है कि इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने के बाद जशपुर के दूरस्थ गांव विकास की मुख्यधारा से और मजबूती से जुड़ेंगे तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।



