छत्तीसगढ़

अचानक बदले प्रशासनिक समीकरण, देर रात जारी आदेश ने बढ़ाई हलचल, किसे मिला पखांजूर की कमान

कांकेर। जिले में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल ने हलचल बढ़ा दी है। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का नया पदस्थापना आदेश जारी किया गया है, जिसने कई समीकरण बदल दिए हैं।

जारी आदेश के तहत डिप्टी कलेक्टर टीकाराम देवांगन, जो अब तक अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पखांजूर के पद पर पदस्थ थे, उन्हें जिला कार्यालय कांकेर में पदस्थ किया गया है। वहीं उनके स्थान पर मनीष देव साहू, जो वर्तमान में डिप्टी कलेक्टर एवं नजूल अधिकारी कांकेर के पद पर कार्यरत थे, को पखांजूर का नया अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बनाया गया है।

इस अचानक हुए बदलाव के बाद प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का दौर तेज हो गया है और नए पदस्थापना को लेकर कई तरह की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।

इधर, छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने भी एक सख्त परिपत्र जारी करते हुए शासकीय सेवकों के अवकाश को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं। परिपत्र में कहा गया है कि कोई भी सरकारी कर्मचारी सक्षम प्राधिकारी से अवकाश स्वीकृत कराए बिना छुट्टी पर नहीं जाएगा। बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर इसे स्वैच्छिक अनुपस्थिति माना जाएगा और सेवा नियमों के तहत ब्रेक इन सर्विस के रूप में देखा जा सकता है।

निर्देशों में यह भी कहा गया है कि आकस्मिक अवकाश की स्थिति में भी संबंधित कर्मचारी को दूरभाष या डिजिटल माध्यम से पूरी जानकारी देना अनिवार्य होगा और कार्यालय लौटने के बाद इसकी लिखित पुष्टि करनी होगी। वहीं लंबे अवकाश पर जाने से पहले अपने कार्यों का प्रभार अन्य अधिकारी या कर्मचारी को विधिवत सौंपना भी जरूरी किया गया है।

राज्य शासन ने यह निर्देश सभी विभागों, राजस्व मंडल बिलासपुर, विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और सभी कलेक्टरों को जारी करते हुए कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस आदेश के बाद प्रशासनिक स्तर पर अनुशासन और जवाबदेही को लेकर सख्ती और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

Related Articles

Back to top button