छत्तीसगढ़

CG Weather Update: रायपुर में फिर बिगड़ने वाला है मौसम! तेज आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट, कई जिलों में बढ़ा खतरा

रातभर चली तेज हवाओं के बाद अब मौसम विभाग की नई चेतावनी, लोगों से सतर्क रहने की अपील

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक ऐसा करवट ली है कि लोगों की परेशानी और डर दोनों बढ़ गए हैं। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में शनिवार रात तेज आंधी, बारिश और बिजली कड़कने से हालात बिगड़ गए। कई इलाकों में पेड़ गिर गए, बिजली सप्लाई घंटों बंद रही और लोग अंधेरे में रात बिताने को मजबूर हो गए।

अब मौसम विभाग ने रविवार को लेकर फिर बड़ा अलर्ट जारी किया है। चेतावनी दी गई है कि रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में आज भी मौसम खतरनाक रूप ले सकता है। तेज हवाओं के साथ बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऐसे में कमजोर मकान, पेड़ और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है।

शनिवार को हुई बारिश ने भीषण गर्मी से राहत जरूर दी, लेकिन कई जगह हालात बिगड़ गए। देर रात अचानक आई तेज आंधी के कारण कई इलाकों में पेड़ सड़क पर गिर पड़े। बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि पूर्वी मध्य प्रदेश और उसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही पूर्वी राजस्थान से झारखंड तक एक द्रोणिका छत्तीसगढ़ होते हुए गुजर रही है। यही वजह है कि प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इन मौसमी सिस्टम्स के असर से रविवार को भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और अंधड़ चलने की आशंका बनी हुई है।

राजधानी रायपुर के लिए जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के समय तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

अब सबसे बड़ा डर बिजली गिरने और तेज आंधी को लेकर है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। क्योंकि मौसम का यह बदला हुआ मिजाज अगले कुछ घंटों में और खतरनाक रूप ले सकता है।

Related Articles

Back to top button