पहलगाम हमले के बाद भारत का एक और बड़ा एक्शन, पाकिस्तान से सभी आयात-निर्यात पर पूरी तरह लगाया प्रतिबंध
India Action Against Pakistan: भारत ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कठोर कदम उठाए हैं. मोदी सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक रणनीति को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान से सभी प्रकार के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है. यह निर्णय पाकिस्तान में उत्पादित या वहां से आने वाली वस्तुओं के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयात पर लागू होता है. यह प्रतिबंध तुरंत प्रभाव से लागू किया गया है, चाहे वस्तुएं स्वतंत्र रूप से आयात की जाने वाली हों या विशेष अनुमति से.
Direct or indirect Import or transit of all goods originating in or exported from Pakistan, whether or not freely importable or otherwise permitted, shall be prohibited with immediate effect. pic.twitter.com/KBamc3DhdW
— ANI (@ANI) May 3, 2025
भारत ने आयात प्रतिबंध लगाने के अपने निर्णय से यह स्पष्ट कर दिया है कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को समर्थन देता रहेगा, तब तक उससे किसी भी प्रकार का सहयोग, चाहे वह व्यापारिक हो या कूटनीतिक, नहीं किया जाएगा. इस निर्णय का पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा, जो पहले से ही संकट में है. भारत से आयात पर रोक लगने से पाकिस्तान के कई उद्योग, विशेषकर वे जो भारत पर निर्भर थे, प्रभावित होंगे. इसमें सीमेंट और ड्राई फ्रूट जैसी वस्तुएं शामिल हैं, साथ ही ई-कॉमर्स के माध्यम से मंगाई गई पाकिस्तानी वस्तुएं भी. इसका अर्थ यह है कि अब भारत में किसी भी तरीके से पाकिस्तानी वस्तुओं का प्रवेश नहीं हो सकेगा.
पाकिस्तान पर संभावित प्रभाव
भारत के साथ व्यापार पूरी तरह से समाप्त होने से पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार पर और अधिक दबाव पड़ेगा, जिससे उसकी अंतरराष्ट्रीय छवि को भी नुकसान होगा, खासकर जब वह पहले से ही FATF जैसी संस्थाओं की निगरानी में है. 2019 में पुलवामा हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को मोस्ट फेवर्ड नेशन (MFN) का दर्जा वापस ले लिया था, और यह नया कदम उसी नीति का एक हिस्सा है. इसके अतिरिक्त, भारत ने सिंधु जल संधि को समाप्त कर दिया है और पाकिस्तानी वीजा भी रद्द कर दिए हैं.


