अंबिकापुर: सुबह-सुबह अस्पताल में छापा! ड्यूटी से गायब नेत्र सहायक पर गिरी गाज, वेतन रोकने तक के आदेश

अंबिकापुर। स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने जब अधिकारी खुद मैदान में उतरें तो लापरवाही की परतें खुलने लगती हैं। शनिवार सुबह 10:50 बजे संभागीय संयुक्त संचालक Anil Sa Kumar Shukla ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर का औचक निरीक्षण किया — और जो तस्वीर सामने आई, उसने पूरे अमले की नींद उड़ा दी।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में अनुशासनहीनता और कार्य में ढिलाई साफ नजर आई। कई कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति लापरवाह पाए गए। सबसे बड़ी बात यह रही कि नेत्र सहायक अधिकारी लक्ष्मण ड्यूटी से नदारद मिले। बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
यही नहीं, आशा कार्यकर्ता लोकनाथ सिंह भी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
रजिस्टर में नहीं थे साइन
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कई कर्मचारियों ने उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर तक नहीं किए थे। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित कर्मचारियों को भी नोटिस थमाया गया है।
डॉ. शुक्ला ने मौके पर मौजूद स्टाफ को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा मिलने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अचानक हुए इस निरीक्षण के बाद अस्पताल स्टाफ में हड़कंप मच गया है। अब देखना होगा कि जारी नोटिसों के बाद जिम्मेदार कर्मचारी क्या जवाब देते हैं और आगे क्या कार्रवाई होती है।


