छत्तीसगढ़

जब गांव की बेटी बनी ‘लेफ्टिनेंट’… चौथे रैंक से देश को चौंकाने वाली सुप्रिया की कहानी!

CDS जैसी कठिन परीक्षा में ऑल इंडिया चौथा रैंक, मुंगेली की मिट्टी से निकली यह आवाज अब गूंजेगी भारतीय सेना में

रायपुर। छत्तीसगढ़ के छोटे से गांव की एक बेटी ने ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिसकी गूंज अब पूरे देश में सुनाई दे रही है। मुंगेली जिले के टेढ़ाधौरा गांव की सुप्रिया ठाकुर अब भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गई हैं।

मुंगेली की होनहार बेटी सुप्रिया ठाकुर ने CDS जैसी कठिन परीक्षा को न सिर्फ उत्तीर्ण किया, बल्कि पूरे देश में चौथा रैंक हासिल कर सभी को हैरान कर दिया। यह उपलब्धि सिर्फ उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण बन गई है।

मंत्री ने बधाई संदेश में कहा कि मुंगेली जिले के गांव टेढ़ाधौरा की बेटी सुप्रिया ठाकुर ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होकर जिले का मान बढ़ाया है। उनकी मेहनत, लगन और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण काबिल-ए-तारीफ है।

बताया जा रहा है कि CDS परीक्षा देश की सबसे चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। ऐसे में ऑल इंडिया चौथा रैंक प्राप्त करना असाधारण उपलब्धि है। सुप्रिया की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों, तो छोटे गांव की सीमाएं भी बड़े सपनों को रोक नहीं सकतीं।

परिवार और ग्रामीणों में खुशी की लहर है। गांव में जश्न का माहौल है और हर कोई अपनी ‘लेफ्टिनेंट बेटी’ पर गर्व कर रहा है।

साथ ही मां महामाया से प्रार्थना की गई है कि सुप्रिया निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ें और देश का नाम रोशन करती रहें।

अब सवाल यह है—क्या सुप्रिया ठाकुर की यह सफलता छत्तीसगढ़ की और बेटियों के लिए नई राह खोलेगी? समय इसका जवाब देगा, लेकिन फिलहाल पूरा प्रदेश गर्व से कह रहा है—यह हमारी बेटी है।

Related Articles

Back to top button