रात के अंधेरे में चल रहा था ‘रेत का खेल’… SDM की दबिश में जेसीबी से लेकर 4 हाईवा तक जब्त!
जनता की शिकायत के बाद ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध उत्खनन पर प्रशासन का सख्त प्रहार

दुर्ग। जिले में अवैध मुरूम और रेत उत्खनन का खेल अब प्रशासन के रडार पर आ चुका है। शिकायतों के बाद जब टीम मौके पर पहुंची तो नजारा चौंकाने वाला था—जेसीबी मशीन जमीन को चीर रही थी और ट्रैक्टर-हाईवा में अवैध खनिज भरकर ले जाया जा रहा था।
एसडीएम पाटन लवकेश ध्रुव के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने रानीतराई-पाटन क्षेत्र में संयुक्त दबिश दी। मौके पर जेसीबी से अवैध उत्खनन और ट्रैक्टर के जरिए मुरूम का परिवहन किया जा रहा था। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर जब्त कर लिया।
इसी कड़ी में राजस्व विभाग की टीम ने तहसीलदार पाटन के नेतृत्व में बालोद-धमतरी मार्ग पर कार्रवाई की। यहां अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए चार हाईवा वाहनों को पकड़ा गया। सभी जब्त वाहनों को थाना प्रभारी रानीतराई की पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
एसडीएम ध्रुव ने बताया कि क्षेत्र में बिना अनुमति संचालित हो रहे ईंट भट्ठों के संचालकों को भी नोटिस जारी किए गए हैं। पर्यावरण प्रदूषण फैलाने और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध उत्खनन और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अब सवाल यह है—क्या इस सख्ती से रेत माफियाओं पर लगाम लगेगी, या फिर अवैध उत्खनन का यह खेल फिर किसी और कोने में शुरू होगा?



