छत्तीसगढ़
बलौदाबाजार: निर्माण में लापरवाही पर SDO को नोटिस, कलेक्टर दीपक सोनी ने दिए निर्देश

बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी ने बुधवार को गिरौदपुरी में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण न होने पर नाराज़गी जताते हुए, लोक निर्माण विभाग के SDO को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने भवन के विभिन्न कक्षों, किचन और बाथरूम की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण में दीवारों में दरारें और अधूरे मरम्मत कार्य पाए गए, जिन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पेंटिंग सहित अन्य शेष कार्यों को भी जल्द से जल्द पूरा करने के लिए कहा।
बताया गया कि यह सामुदायिक भवन 2.25 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन है, जिसमें 5 कमरे, 2 डॉर्मिटरी, मंच, तथा महिला-पुरुषों के लिए पृथक बाथरूम और किचन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।


