टोक्यो में चमका बस्तर का सितारा: CM विष्णुदेव साय ने अविनाश तिवारी से की मुलाकात, छत्तीसगढ़ पर की सकारात्मक चर्चा
बस्तर के बेटे ने जापान में बनाया मुकाम, मुख्यमंत्री ने बताया "प्रदेश का गौरव", औद्योगिक निवेश को लेकर हुई अहम बातचीत

रायपुर/टोक्यो। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जापान प्रवास के दौरान एक गौरवशाली क्षण सामने आया जब उन्होंने टोक्यो में बस्तर के उज्ज्वल सितारे कहे जाने वाले अविनाश तिवारी से मुलाकात की। अविनाश तिवारी मूलतः बस्तर जिले के तोकापाल के निवासी हैं और नवोदय विद्यालय, बारसूर (दंतेवाड़ा) के पूर्व छात्र रह चुके हैं।
आज अविनाश तिवारी जापान की प्रतिष्ठित BOYES & MOORES INTERNATIONAL COMPANY में Board of Director के पद पर कार्यरत हैं। उनकी यह उपलब्धि न सिर्फ बस्तर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बन चुकी है।
मुख्यमंत्री साय ने इस मुलाकात को बेहद खास और गर्व से भरा बताया। उन्होंने कहा,
“अविनाश जी ने बड़े उत्साह के साथ अपनी प्रेरणादायक यात्रा साझा की। उनकी मेहनत, प्रतिबद्धता और लगन आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है। बातचीत के दौरान छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई।”
मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि अविनाश तिवारी जैसे प्रतिभाशाली युवाओं की सहभागिता से प्रदेश में उद्योग और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने अविनाश को “प्रदेश का सपूत” बताते हुए कहा कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बस्तर और छत्तीसगढ़ दोनों का नाम रोशन कर रहे हैं।

