Bengaluru Stampede: कर्नाटक क्रिकेट संघ के दो अधिकारियों ने खुद से दिया इस्तीफा, भगदड़ की ली जिम्मेदारी

Bengaluru Stampede Incident: पहली बार IPL विजेता बनने वाली रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का जश्न बुधवार को बड़े हादसे में बदल गया। विजेता खिलाड़ियों के स्वागत में यहां चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर जुटी भीड़ में भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई। जबकि 33 घायल हैं। सभी मरने वाले 35 साल से कम उम्र के थे, 3 नाबालिग हैं। इस मामले में पुलिस ने अबतक RCB के मार्केटिंग हेड और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के 3 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने चारों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब जानकारी निकल कर सामने आई है कि कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव ए शंकर और कोषाध्यक्ष ई जयराम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इन दोनों ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए ये फैसला लिया है। गुरुवार रात को सीएम के एक्शन के बाद जब पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए घर पहुंची तो दोनों घर से गायब थे।
KCA अध्यक्ष को सौंपा अपना इस्तीफा
ए शंकर और ई एस जयराम ने एक संयुक्त बयान में कहा कि उन्होंने गुरुवार रात KCA अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बयान में कहा गया है कि पिछले दो दिनों में घटित अप्रत्याशित और दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं के कारण हम यह बताना चाहते हैं कि हमने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के सचिव और कोषाध्यक्ष के रूप में अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। भले ही इसमें हमारी भूमिका बहुत सीमित थी।
पत्र में आगे लिखा गया है कि नैतिक जिम्मेदारी के कारण हम यह बताना चाहते हैं कि कल रात हमने राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष को दिनांक 06 जून के एक पत्र के जरिए क्रिकेट संघ के सचिव और कोषाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही इस पर दोनों के हस्ताक्षर भी थे।
दो दिनों से एक्शन में सीएम
इससे पहले गुरुवार शाम को सीएम ने एक्शन लेते हुए पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। सीएम ने आरसीबी और इवेंट मैनेजमेंट के आला अधिकारियों को अरेस्ट करने का आदेश दिया था। कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर समेत 8 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया था। सीएम ने खुद के राजनीतिक सचिव को भी बर्खास्त कर दिया है।
हाई कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान
वहीं अब कर्नाटक हाईकोर्ट ने इस हादसे पर स्वतः संज्ञान लिया है। आज इस मामले पर सुनवाई भी हुई है। मामले पर सुनवाई करते हुए कर्नाटक हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। अब मामले की अगली सुनवाई की तारीख 10 जून को राखी गई है। वहीं दूसरी तरफ सामाजिक कार्यकर्ता स्नेहमयी कृष्णा ने कब्बन पार्क थाने में शिकायत भी दर्ज करा दी है। शिकायत में CM सिद्धारमैया, डिप्टी CM डीके शिवकुमार और कर्नाटक क्रिकेट बोर्ड पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
कोर्ट ने क्या कहा ?
एक्टिंग चीफ जस्टिस वी कामेश्वर राव और जस्टिस सी एम जोशी बेंच ने अटॉर्नी जनरल एक रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया है। अगली सुनवाई 10 जून को होगी। वहीं, याचिकाकर्ता के वकील ने कोर्ट से कहा, ‘राज्य सरकार को यह बताना होगा कि आरसीबी के खिलाड़ियों को सम्मानित करने का निर्णय किसने लिया है। देश के लिए नहीं खेलने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने की क्या मजबूरी थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए क्या कदम या सुरक्षा उपाय किए गए हैं।’ कर्नाटक सरकार ने आज कोर्ट में कहा, ‘भगदड़ के बाद घायलों को तुरंत इलाज मुहैया करवाया। 1380 पुलिसकर्मी तैनात किए गए।’



