25 लाख का इनामी कमांडर सरेंडर की तैयारी में, सीएम साय बोले– खत्म होने वाला है नक्सलवाद
बस्तर में बड़ी हलचल, आत्मसमर्पण से तेज हुआ अभियान

रायपुर से आई खबर के मुताबिक नक्सली कमांडर पापा राव के संभावित सरेंडर को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के दृढ़ संकल्प के चलते देश में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान तेज हुआ है और अब इसका असर जमीन पर साफ दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद को खत्म करने की तय समयसीमा 31 मार्च 2026 अब बेहद करीब है और ऐसे में पापा राव जैसे बड़े कमांडर का आत्मसमर्पण इस अभियान की बड़ी सफलता का संकेत है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में पहले ही कई नक्सली सरेंडर कर चुके हैं और सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई से नक्सल नेटवर्क कमजोर पड़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार लंबे समय से फरार चल रहे पापा राव के साथ बातचीत के बाद आत्मसमर्पण की स्थिति बनी है। पुलिस बल की एक विशेष टीम उसे लेने के लिए इंद्रावती नेशनल पार्क क्षेत्र की ओर रवाना हो चुकी है और जल्द ही उसे जगदलपुर लाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि वह अपने 17 साथियों के साथ हथियारों सहित सरेंडर करेगा और बस्तर रेंज आईजी पी. सुंदरराज के सामने आत्मसमर्पण करेगा।
करीब 25 लाख रुपये के इनामी पापा राव को वेस्ट बस्तर डिवीजन का प्रमुख चेहरा माना जाता रहा है और वह दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य भी रहा है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक बस्तर में लंबे समय तक नक्सली गतिविधियों की कमान उसी के हाथ में रही है।
इस संभावित सरेंडर को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




