बिलासपुर 24 लाख की ठगी: सेमिनार में निवेश का झांसा, ऑफिस बंद कर फरार हुए जालसाज
होटल में दिया डिजिटल करेंसी का लालच, कुछ दिन मुनाफा दिखाकर साइट हैक का बहाना बनाकर गायब

बिलासपुर। शहर में निवेश के नाम पर 24 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने होटल सेंट्रल पाइंट में सेमिनार कर निवेशकों को डिजिटल करेंसी में भारी मुनाफे का झांसा दिया और लाखों रुपये वसूलने के बाद ऑफिस बंद कर रातों-रात फरार हो गए।
शहर के निवासी मनीराम पटेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनके मुताबिक, यूट्यूब और अन्य प्लेटफॉर्म पर रोजाना 1 प्रतिशत मुनाफे का विज्ञापन देखकर वे कंपनी से जुड़े। पहले उन्हें जूम मीटिंग में जोड़कर ऑनलाइन कमाई का तरीका समझाया गया और भरोसा जीतने के लिए शुरुआती दिनों में कुछ लाभ भी दिया गया।
सेमिनार में रचा गया ठगी का जाल
24 जून को आरोपी सादाब अंसारी, जफर इमाम, गंगाधर कुमार, दिलेश्वर मुंडा, आकाश कुमार और शुभम सिंह बिलासपुर पहुंचे और होटल सेंट्रल पाइंट में सेमिनार किया। इसमें मनीराम पटेल के अलावा नेहल मिश्रा, रवि साहू, अक्षय कुमार टेकाम और राम स्वरूप साहू भी शामिल हुए।
सेमिनार के दौरान आरोपियों ने दावा किया कि उनकी कंपनी डिजिटल करेंसी में निवेश करती है, जिसमें मोटा मुनाफा होता है। कंपनी प्रतिदिन एक प्रतिशत लाभ देने का भरोसा देती है। उनकी बातों में आकर निवेशकों ने करीब 24 लाख रुपये निवेश कर दिए।
साइट हैक का बहाना और फरारी
शुरुआती दिनों में निवेशकों को रोज मुनाफा दिखाया गया, लेकिन कुछ ही हफ्तों बाद पेमेंट बंद हो गया। जब निवेशकों ने पूछताछ की, तो आरोपियों ने साइट हैक होने का बहाना बनाकर मामले को टाल दिया। इस बीच कंपनी का प्रचार करने वाले लोग भी घर छोड़कर फरार हो गए।
मामले का खुलासा होने पर पीड़ित निवेशक सीधे तारबाहर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

