देश

चुनावी मैदान में फेल ‘दिल्ली के दिग्गज’! 2 राज्यसभा सांसदों की करारी हार, नतीजों ने बढ़ाई सियासी हलचल

तमिलनाडु और केरल में उतरे केंद्र के मंत्री नहीं बचा पाए साख, विधानसभा चुनाव में चौंकाने वाले रिजल्ट से बढ़ी चर्चाएं


भोपाल। देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद कई अप्रत्याशित और चौंकाने वाले परिणाम सामने आए हैं। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश से जुड़े दो राज्यसभा सांसदों की हार ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है।

केंद्र सरकार में मंत्री रहते हुए चुनावी मैदान में उतरे ये दोनों सांसद तमिलनाडु और केरल में अपनी किस्मत आजमा रहे थे, लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया। केंद्रीय संसदीय कार्य राज्यमंत्री डॉ एल मुरुगन तमिलनाडु की अवनाशी सीट से चुनाव लड़े, जहां उन्हें तमिलगा वेट्टी कषगम की प्रत्याशी कमली एस ने 14 हजार से अधिक वोटों से हराया। मुरुगन इस मुकाबले में दूसरे स्थान पर रहे।

वहीं, केंद्रीय अल्पसंख्यक व मत्स्य पालन राज्यमंत्री जार्ज कुरियन केरल की कांजीरापल्ली सीट से मैदान में थे। उन्हें कांग्रेस के रॉनी के बेबी ने 29,662 वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। इस सीट पर कुरियन तीसरे स्थान पर खिसक गए, जबकि केरल कांग्रेस के डॉ एन जयराज दूसरे स्थान पर रहे।

इन नतीजों ने साफ कर दिया है कि राज्यसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री होने के बावजूद क्षेत्रीय राजनीति में पकड़ बनाना आसान नहीं है। यह हार राजनीतिक विश्लेषकों के लिए भी चर्चा का विषय बन गई है।

गौरतलब है कि जार्ज कुरियन का राज्यसभा कार्यकाल 19 जून को समाप्त होने वाला है, जबकि डॉ एल मुरुगन का कार्यकाल अप्रैल 2030 तक जारी रहेगा। इन नतीजों के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में इन नेताओं की राजनीतिक रणनीति किस दिशा में जाती है।

Related Articles

Back to top button